लूटपाट की कोशिश मामले में 2 नाबालिग पकड़े, बाल सुधार गृह भेजे गए
कैथल, 26 मई: चीका क्षेत्र में देर रात कार सवार युवकों के साथ लूटपाट का प्रयास करने के मामले में थाना चीका पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच थाना चीका प्रभारी एसआई प्रवीन कुमार की अगुवाई में एएसआई जयपाल सिंह की टीम द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान गांव सैर निवासी 17 वर्षीय तथा बाबा बस्ती चीका निवासी 16 वर्षीय नाबालिग को निरुद्ध किया गया।
शिकायतकर्ता नवाब अली, निवासी गांव झंडी जिला पटियाला (पंजाब) ने बताया कि वह अपने दोस्त हरविंदर सिंह के साथ कुरुक्षेत्र से अपने गांव लौट रहा था। रात करीब 12:15 बजे चीका चौक से पटियाला रोड की तरफ मुड़ते समय पीछे से आई एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार युवकों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर जबरन रोकने की कोशिश की।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी लगातार उनका पीछा करते रहे और टटियाना गांव के पास स्कॉर्पियो आगे लगाकर उनकी गाड़ी रुकवा ली। इस दौरान एक युवक ने खुद को सुखदेव उर्फ सुखा निवासी चीका बताते हुए गाड़ी की चाबी निकाल ली और जान से मारने की धमकी देकर सोने का कड़ा, चैन और नकदी मांगने लगा।
इसी बीच अन्य युवक भी डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। शिकायतकर्ता और उसका साथी किसी तरह वहां से भागकर पास लगे पुलिस नाके तक पहुंचे। आरोपी भी स्कॉर्पियो लेकर वहां पहुंच गए और पुलिस कर्मचारियों को गाड़ी से कुचलने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
थाना चीका पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले ही चार आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया था। मामले की आगे की जांच में दोनों नाबालिगों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों नाबालिगों को न्यायालय के आदेशानुसार बाल सुधार गृह करनाल भेज दिया गया है।









Leave a Reply