कनाडा भेजने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी, 64 मामलों का आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 13 मई 2026: विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैथल पुलिस ने करीब 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-55, मोहाली (पंजाब) निवासी राकेश उर्फ रिक्खी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ हरियाणा, पंजाब सहित अन्य राज्यों में धोखाधड़ी के कुल 64 मामले दर्ज हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार एंटी इमिग्रेशन सेल द्वारा इस मामले की जांच की जा रही थी। एंटी इमिग्रेशन सेल प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु के नेतृत्व में एएसआई जसबीर सिंह की टीम ने आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार किया।
अमरगढ़ गामड़ी, कैथल निवासी सोनू ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह विदेश जाकर नौकरी करना चाहता था। इसी दौरान उसने यूट्यूब पर “रुद्राक्ष ग्रुप ओवरसीज सॉल्यूशन” नामक कंपनी का विज्ञापन देखा और कंपनी के कर्मचारियों से संपर्क किया। कंपनी से जुड़े मनराज, गगन तथा अन्य व्यक्तियों ने उसे भरोसा दिलाया कि वे कनाडा में वर्क वीजा लगवाकर अच्छी नौकरी दिलाएंगे।
आरोपियों ने उसे बताया कि कनाडा की एक कंपनी में उसकी नौकरी लगाई जाएगी, जहां उसे प्रति माह 4,870 कनाडाई डॉलर वेतन मिलेगा। साथ ही रहने, खाने और आने-जाने का खर्च भी कंपनी द्वारा उठाने की बात कही गई। इसके लिए कुल 16 लाख रुपये की मांग की गई।
शुरुआत में शिकायतकर्ता से 30,500 रुपये जमा करवाए गए। इसके बाद लगातार दबाव बनाकर 7 फरवरी 2024 को उससे 15 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए गए। निर्धारित समय बीतने के बावजूद वीजा या नौकरी की कोई प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। जब शिकायतकर्ता मोहाली स्थित कार्यालय पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ बदसलूकी की और पैसे वापस मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन, कैथल में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी राकेश उर्फ रिक्खी किसी अन्य धोखाधड़ी मामले में न्यू नाभा जेल, पंजाब में बंद था। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को इस मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।









Leave a Reply