कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1 किलो 368 ग्राम चरस सहित आरोपी गिरफ्तार
कैथल: नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैथल पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को 1 किलो 368 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार की गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई शीशपाल की टीम अपराध रोकथाम के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान धर्म गेट प्यौदा बस अड्डा के पास एक विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गांव जाखौली निवासी नरेश कुमार मोटरसाइकिल पर चरस लेकर आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कैथल बाईपास से तितरम बिजली घर जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद एक संदिग्ध मोटरसाइकिल चालक को रोककर पूछताछ की गई, जिसने अपनी पहचान नरेश कुमार निवासी जाखौली के रूप में बताई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे डीएसपी रोहताश कुमार की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की तेल टंकी पर रखे पीले कपड़े के थैले में मौजूद सफेद पॉलिथीन से 1 किलो 368 ग्राम चरस (सुल्फा) बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तितरम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगामी जांच एएसआई अशोक कुमार द्वारा की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी ताकि नशा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा सके।









Leave a Reply