कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार; देसी कट्टा और 5 कारतूस बरामद
कैथल। जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैथल पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए सीआईए कलायत की टीम ने एक आरोपी को अवैध हथियार और जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार के नेतृत्व में एएसआई राजीव सिंह की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान किसान चौक कलायत के पास पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव खरौदी निवासी अशोक उर्फ शौकी गांव खरक पाडवा से सजूमा जाने वाली सड़क के टी-प्वाइंट पर खड़ा है और उसके पास अवैध हथियार मौजूद है।
सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और आरोपी अशोक उर्फ शौकी को काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का देसी कट्टा तथा 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच सीआईए कलायत के एएसआई राजीव सिंह द्वारा की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा पूछताछ के दौरान हथियार के स्रोत और उससे जुड़े अन्य संभावित आपराधिक मामलों के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply