कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1575 प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित दो तस्कर गिरफ्तार
कैथल, 23 मई: नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैथल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग दो मामलों में नशीली गोलियों का अवैध कारोबार करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1575 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार एंटी नारकोटिक सेल द्वारा यह कार्रवाई की गई। डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने बताया कि पहले मामले में एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई रोहताश सिंह की टीम ने गांव लदाना चक्कू में कार्रवाई की।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव लदाना चक्कू निवासी दलविंद्र सिंह के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से अल्प्राजोलम की 795 प्रतिबंधित गोलियां बरामद हुईं। आरोपी इन दवाइयों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर ने इन गोलियों को प्रतिबंधित बताया।
दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल के एएसआई जसमेर सिंह की टीम को सूचना मिली कि गांव पिलनी निवासी विनोद कुमार अपने मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का धंधा करता है। पुलिस ने बलराज नगर से प्यौदा चुंगी रोड पर नाकाबंदी कर आरोपी को मोटरसाइकिल सहित काबू किया।
नायब तहसीलदार की मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से अल्प्राजोलम की 780 प्रतिबंधित गोलियां बरामद हुईं। आरोपी भी दवाइयों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
दोनों मामलों में थाना गुहला और थाना सिविल लाइन में केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।









Leave a Reply