“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में नकली NCERT किताबें बेचने वाला बुक डिपो संचालक गिरफ्तार

कैथल में नकली NCERT किताबें बेचने वाला बुक डिपो संचालक गिरफ्तार

📍 कैथल | 🗓️ 22 मई 2026

कैथल, 22 मई: मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हरियाणा और थाना शहर कैथल पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पिहोवा चौक स्थित नवीन बुक डिपो पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली एनसीईआरटी पुस्तकें बरामद की हैं। मामले में दुकान संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि मुख्यमंत्री उड़नदस्ता कुरुक्षेत्र/कैथल को गुप्त सूचना मिली थी कि नवीन बुक डिपो में एनसीईआरटी की नकली पुस्तकों का अवैध भंडारण और विक्रय किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर एसआई राजबीर सिंह इंचार्ज मुख्यमंत्री उड़नदस्ता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान एनसीईआरटी दिल्ली से सहायक व्यापार प्रबंधक पदम सिंह भाटी और उत्पादन सहायक अश्वनी माचरा भी मौजूद रहे।

कार्रवाई के दौरान शिक्षा विभाग कैथल से उप जिला शिक्षा अधिकारी जयभगवान, उप अधीक्षक प्रवीन थरेजा और सहायक सुखबीर सिंह भी उपस्थित रहे। थाना शहर कैथल से एसआई सत्यवान सिंह और एएसआई मुकेश कुमार की टीम ने भी सहयोग किया।

संयुक्त टीम ने दुकान मालिक नवीन कुमार को मौके पर बुलाकर दुकान में रखी पुस्तकों की जांच की। जांच में कक्षा 9वीं की अंग्रेजी माध्यम विज्ञान विषय की कुल 483 संदिग्ध एनसीईआरटी पुस्तकें बरामद हुईं।

गहन निरीक्षण के दौरान पुस्तकों पर एनसीईआरटी का आधिकारिक वाटरमार्क लोगो नहीं मिला, जिससे प्रथम दृष्टया पुस्तकें नकली पाई गईं। मौके पर मौजूद एनसीईआरटी अधिकारियों ने पुस्तकों की जांच कर उन्हें नकली घोषित कर दिया।

जांच के दौरान दो पुस्तकों को सैंपल के तौर पर कब्जे में लिया गया। इसके बाद एनसीईआरटी अधिकारियों की लिखित शिकायत पर थाना शहर कैथल में मामला दर्ज किया गया।

मामले की जांच एएसआई मुकेश द्वारा की गई, जिसके बाद हुड्डा सेक्टर-19 निवासी दुकान संचालक नवीन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *