कैथल में बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ के बाद 3 आरोपी गिरफ्तार
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में कई घंटे चला सघन ऑपरेशन, एक आरोपी अब भी फरार
कैथल। जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ कैथल पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने हथियारबंद लूट की वारदातों में शामिल तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि 12 जून की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि चार हथियारबंद युवकों ने कलायत क्षेत्र में एक होटल में लूटपाट का प्रयास किया है। इसके बाद आरोपियों ने कैथल शहर के बलराज नगर क्षेत्र में एक युवक से पिस्तौल की नोक पर स्कूटी और नकदी लूट ली।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने जिले की सभी अपराध शाखाओं को सक्रिय कर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
भैणी माजरा शुगर मिल के पास हुई मुठभेड़
स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट, सीआईए-1, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ और सीआईए कलायत की संयुक्त टीमों ने भैणी माजरा शुगर मिल के पास स्कूटी पर सवार चार संदिग्ध युवकों को घेर लिया। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दिए जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जींद जिले के गांव खांडा खेड़ी निवासी साहिल, खांडा खेड़ी निवासी अंकित तथा हिसार जिले के गांव मिरपुर निवासी अशोक उर्फ गोलू के रूप में हुई है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान साहिल के दोनों पैरों में, अंकित के एक पैर में तथा अशोक उर्फ गोलू के एक पैर में गोली लगी। तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हालांकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। उसकी तलाश में पुलिस ने भैणी गांव और शुगर मिल कॉलोनी क्षेत्र में कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
होटल में लूटपाट की कोशिश हुई नाकाम
प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी हथियारों के साथ कलायत क्षेत्र स्थित सहारण होटल में घुस गए थे। उन्होंने होटल कर्मचारियों के साथ मारपीट की और कैश काउंटर खुलवाने का प्रयास किया।
इस दौरान होटल मालिक रामनरेश ने कर्मचारियों और ग्राहकों के साथ मिलकर बदमाशों का डटकर सामना किया, जिसके चलते आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने बलराज नगर क्षेत्र में एक युवक से स्कूटी और नकदी लूट ली।
कई राज्यों की वारदातों से जुड़े तार
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कलायत की घटना से पहले अग्रोहा क्षेत्र में एक दुकान से करीब 40 हजार रुपये की लूट कर चुके हैं।
इसके अलावा 15 से 20 दिन पहले चंडीगढ़ में 20 हजार और 50 हजार रुपये की लूट की दो अलग-अलग वारदातों में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।
अपराधियों के लिए कैथल में कोई जगह नहीं
डीएसपी सुशील प्रकाश ने कहा कि कैथल पुलिस जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कैथल जिले में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









Leave a Reply