“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

जिला पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, तीन मामलों में चार आरोपी गिरफ्तार

जिला पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, तीन मामलों में चार आरोपी गिरफ्तार

कैथल। नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग तीन मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 722 ग्राम अफीम, 65 किलो 730 ग्राम डोडा पोस्त तथा 20 किलो 780 ग्राम गांजा फूल-पत्ती बरामद की है।

पहले मामले में 2 किलो 722 ग्राम अफीम बरामद

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एसआई बलराज सिंह की टीम अपराध एवं नशा तस्करी की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मध्य प्रदेश निवासी नाथूलाल क्षेत्र में अफीम की सप्लाई करने आता है। सूचना के आधार पर कुरुक्षेत्र रोड पर निगरानी की गई।

कुछ समय बाद पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को काले रंग का बैग लेकर आते हुए काबू किया। उसकी पहचान गांव सेधरा करनाली, जिला मंदसौर (मध्य प्रदेश) निवासी नाथूलाल के रूप में हुई। डीएसपी सुशील प्रकाश की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के बैग से 2 किलो 722 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरे मामले में 65 किलो 730 ग्राम डोडा पोस्त बरामद

एक अन्य कार्रवाई में एंटी नारकोटिक सेल के एएसआई राजेश कुमार की टीम गांव मोहना के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-152 डी पर जांच कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि पंजाब का एक व्यक्ति इनोवा कार में भारी मात्रा में डोडा पोस्त लेकर पंजाब की ओर जा रहा है।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध इनोवा कार को रोककर तलाशी ली। चालक की पहचान गांव दुधाला, जिला शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), पंजाब निवासी परविंद्र सिंह के रूप में हुई। डीएसपी रमेश चंद्र की मौजूदगी में तलाशी लेने पर कार में रखे चार कट्टों से 65 किलो 730 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया।

तीसरे मामले में 20 किलो 780 ग्राम गांजा फूल-पत्ती बरामद

सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में एएसआई रघुबीर सिंह की टीम गांव ग्योंग क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव बारवां निवासी बलदेव सिंह उर्फ कालू और उसका भांजा रवि महिंद्रा सुपरो वाहन में भारी मात्रा में गांजा लेकर कैथल आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने कैथल-कुरुक्षेत्र रोड स्थित हांसी-बुटाना नहर पुल के पास नाकाबंदी की। रात करीब नौ बजे संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक और उसके साथी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया।

डीएसपी बीरभान की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर एक प्लास्टिक कट्टे से 20 किलो 780 ग्राम गांजा फूल-पत्ती बरामद हुई। आरोपियों की पहचान बलदेव सिंह उर्फ कालू निवासी गांव बारवां, जिला कुरुक्षेत्र तथा रवि निवासी फौजी प्लाट पेहवा, हाल निवासी गांव बारवां के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने कहा कि जिला पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशा तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *