जनकपुरी कॉलोनी में युवक पर हमला करने के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार
कैथल। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत करनाल रोड स्थित जनकपुरी कॉलोनी में एक युवक पर हमला कर चोटें पहुंचाने के मामले में सीआईए-1 और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव धुंधरेहड़ी निवासी पवन, हरदीप उर्फ पप्पल, सौरभ तथा मोहन के रूप में हुई है।
थाना सिविल लाइन एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश चंद्र ने बताया कि गांव सजूमा निवासी रमन ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 8 जून की शाम करीब छह बजे वह कैथल की जनकपुरी कॉलोनी में अपने दोस्तों के साथ गली में बैठा हुआ था।
इसी दौरान पवन खान, हरदीप, संजय, सौरभ, मंदीप गोयत सहित पांच अन्य युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर वहां पहुंचे और आते ही उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने रमन और उसके साथियों पर लाठियों से वार किए।
शोर सुनकर जब आसपास के लोग एकत्रित होने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह तथा थाना सिविल लाइन एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश चंद्र की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को काबू कर लिया। जांच के दौरान आरोपियों को निशानदेही के लिए घटनास्थल पर भी ले जाया गया।
एसएचओ रमेश चंद्र ने कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले तथा हिंसक घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।









Leave a Reply