इंग्लैंड भेजने के नाम पर 12.50 लाख रुपये की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 14 मई 2026: विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैथल पुलिस की एंटी इमिग्रेशन सेल ने इंग्लैंड भेजने का झांसा देकर 12 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार एंटी इमिग्रेशन सेल प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु के नेतृत्व में एएसआई रणधीर सिंह की टीम ने आरोपी गुरबाज सिंह उर्फ गैवी निवासी राजपुरा, जिला पटियाला (पंजाब) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गांव टयोंठा निवासी शेर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि आरोपी गुरबाज सिंह और उसकी पत्नी श्वेता ने वर्ष 2019 में उसे छह माह के भीतर इंग्लैंड भेजने और वहां नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके लिए आरोपियों ने 14 लाख रुपये की मांग की और उसके दस्तावेज अपने पास रख लिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार दिसंबर 2019 से मार्च 2020 के बीच उससे 10 लाख 50 हजार रुपये लिए गए। बाद में कोरोना महामारी के कारण काम रुकने का हवाला देकर मामला टाल दिया गया। जनवरी 2023 में आरोपी उसके घर आए और एक लाख रुपये और ले लिए। इसके बावजूद अप्रैल 2023 तक वीजा नहीं आया।
फरवरी 2025 में जब शेर सिंह ने अपने पैसे और दस्तावेज वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे छेड़छाड़ के झूठे मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। इस प्रकार आरोपियों ने कुल 12 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की।
इस संबंध में थाना पूंडरी में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी गुरबाज सिंह को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उससे व्यापक पूछताछ के लिए तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।









Leave a Reply