“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

हथौड़े से वार कर मजदूर की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, थाना पूंडरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई

हथौड़े से वार कर मजदूर की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, थाना पूंडरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई

📍 कैथल | 🗓️ 1 जून 2026

कैथल: थाना पूंडरी पुलिस ने हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हथौड़े से वार कर मजदूर की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार की गई कार्रवाई में आरोपी को गांव पाई से काबू किया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार बिहार निवासी राकेश ने शिकायत दी थी कि वह अपने गांव के उमेश दास और कामेश्वर दास के साथ पिछले 15-20 दिनों से गांव भाणा में गन्ना बंधाई का कार्य कर रहा था। तीनों मजदूर खेत में बने ट्यूबवेल के कोठे पर रहते थे।

शिकायत के अनुसार 31 मई की रात करीब 9 बजे उमेश दास और कामेश्वर दास के बीच पैसों और एक डायरी को लेकर कहासुनी हो गई। राकेश ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता गया। इसी दौरान आरोपी उमेश दास ने कोठे में पड़े हथौड़े से कामेश्वर दास के सिर और कमर पर कई वार कर दिए।

गंभीर चोटों के कारण कामेश्वर दास मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा, जबकि आरोपी हथौड़ा वहीं छोड़कर फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए पूंडरी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मामले की सूचना मिलते ही थाना पूंडरी के एसएचओ इंस्पेक्टर शिव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी उमेश दास निवासी बिहार को गांव पाई से गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि घटना के समय दोनों मजदूर शराब के नशे में थे। आरोपी को शक था कि मृतक ने उसकी जेब से 3 हजार रुपये निकाल लिए हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया और आरोपी ने हथौड़े से हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की पूछताछ जारी है तथा नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *