हथौड़े से मजदूर की हत्या करने वाला आरोपी जेल भेजा गया, वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा बरामद
कैथल: गांव भाणा में मजदूर की हथौड़े से हत्या करने के मामले में कैथल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह तथा थाना पूंडरी एसएचओ इंस्पेक्टर शिव कुमार की टीम ने आरोपी उमेश दास निवासी जिला शिवहर (बिहार) को गांव पाई से गिरफ्तार किया था।
शिकायतकर्ता राकेश ने बताया कि वह अपने साथियों उमेश दास और कामेश्वर दास के साथ पिछले 15-20 दिनों से गांव भाणा में गन्ना बंधाई का कार्य कर रहा था और तीनों खेत में बने ट्यूबवेल कोठे पर रहते थे।
31 मई की रात पैसों और एक डायरी को लेकर उमेश दास और कामेश्वर दास के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर उमेश दास ने कोठे में पड़े हथौड़े से कामेश्वर दास के सिर और कमर पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल कामेश्वर दास को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय दोनों ने शराब पी रखी थी। आरोपी को संदेह था कि मृतक ने उसकी जेब से 3 हजार रुपये निकाल लिए हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और आरोपी ने गुस्से में हमला कर दिया।
हत्या की सूचना मिलने के बाद थाना पूंडरी में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।


Leave a Reply