फर्जी जमानती बनकर अदालत में पेश होने वाला आरोपी गिरफ्तार
कैथल। अदालत में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानती बनने के मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच थाना सिविल लाइन के एसआई सतीश कुमार की टीम द्वारा की जा रही थी।
एसएचओ थाना सिविल लाइन इंस्पेक्टर रमेश चंद्र ने बताया कि न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कैथल की अदालत से प्राप्त शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार एक आपराधिक मामले में आरोपी की जमानत के लिए गांव प्योदा निवासी कृष्ण कुमार जमानती के रूप में अदालत में पेश हुआ था।
अदालत में जांच के दौरान सामने आया कि उक्त व्यक्ति के पास दो अलग-अलग आधार कार्ड मौजूद थे तथा वह विभिन्न अदालतों में अलग-अलग पहचान का उपयोग कर कई मामलों में जमानती बन चुका था।
जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी ने अदालत में शपथपत्र देकर गलत जानकारी प्रस्तुत की थी। उसने अपने शपथपत्र में यह दर्शाया था कि वह पहले केवल एक मामले में ही जमानती बना है, जबकि रिकॉर्ड में उसके कई मामलों में जमानती बनने के तथ्य सामने आए।
प्राथमिक जांच में तथ्यों की पुष्टि होने के बाद आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्ण कुमार निवासी गांव प्योदा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा उससे मामले में गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने कितने मामलों में फर्जी पहचान का उपयोग कर जमानती बनने का प्रयास किया था।


Leave a Reply