“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने किया “साइबर दोस्त डिजिटल ई-हैंडबुक” के नए संस्करण का विमोचन

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने किया “साइबर दोस्त डिजिटल ई-हैंडबुक” के नए संस्करण का विमोचन

📍 कैथल | 🗓️ 12 मई 2026

कैथल, 12 मई 2026: साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच आमजन, विद्यार्थियों और शिक्षकों को जागरूक करने के उद्देश्य से कैथल पुलिस ने एक अभिनव पहल की है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने “साइबर दोस्त डिजिटल ई-हैंडबुक” के नवीन संस्करण का विधिवत विमोचन किया। यह ई-हैंडबुक आधुनिक डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए तैयार की गई है।

इस अवसर पर हिंदी प्राध्यापक डॉ. विजय चावला ने पुलिस अधीक्षक को ई-हैंडबुक की विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नए संस्करण में “एक विद्यार्थी–एक परिवार साइबर जागरूकता मुहिम” को विशेष रूप से शामिल किया गया है, जिसके तहत प्रत्येक विद्यार्थी अपने परिवार और आसपास के लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा। इसके साथ ही “साइबर रिस्पॉन्डर” की अवधारणा को भी विस्तार दिया गया है, ताकि विद्यार्थी साइबर अपराधों की पहचान, रोकथाम और रिपोर्टिंग के प्रति जागरूक बन सकें।

डॉ. विजय चावला ने बताया कि वर्तमान समय में बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक ऑनलाइन ठगी का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। इसी सोच के साथ इस डिजिटल ई-हैंडबुक को इंटरैक्टिव और तकनीक आधारित स्वरूप में तैयार किया गया है। पुस्तक में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर पाठक इसे आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं और कहीं भी बैठकर इसका अध्ययन कर सकते हैं।

ई-हैंडबुक में साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकार, ऑनलाइन फ्रॉड के तरीके, सोशल मीडिया सुरक्षा, फर्जी लिंक और कॉल से बचाव, डिजिटल भुगतान सुरक्षा, मजबूत पासवर्ड बनाने के तरीके तथा साइबर अपराध होने पर उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों को सरल और व्यवहारिक भाषा में समझाया गया है। साथ ही इसमें खेल-खेल में सीखने और आत्म-मूल्यांकन के लिए गतिविधियां और इंटरैक्टिव लिंक भी जोड़े गए हैं।

विद्यालयों में इस ई-बुक को भेजने की योजना भी बनाई गई है, ताकि शिक्षक स्मार्ट बोर्ड और डिजिटल माध्यमों के जरिए विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सकें। यह पहल विद्यार्थियों को केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन्हें समाज में जागरूकता फैलाने वाला जिम्मेदार नागरिक भी बनाएगी।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने डॉ. विजय चावला के इस नवाचारी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में साइबर जागरूकता समाज की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों के मामले भी बढ़ रहे हैं, इसलिए विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही डिजिटल सुरक्षा की जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने विश्वास जताया कि “साइबर दोस्त डिजिटल ई-हैंडबुक” विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में सहायक सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *