“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

बस अड्डा कैथल पर युवक पर सूए से हमला करने के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

बस अड्डा कैथल पर युवक पर सूए से हमला करने के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

सीआईए-1 और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर करवाई गई निशानदेही

कैथल। बस अड्डा कैथल पर एक युवक पर सूए से हमला कर घायल करने के मामले में सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह तथा थाना सिविल लाइन एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश चंद्र की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव पाई निवासी अंकित उर्फ मोटा, गांव कसान निवासी सुनील उर्फ शिल्ली, गांव संडील जिला जींद निवासी रोबिन तथा गांव देवबन निवासी सचिन के रूप में हुई है।

पुरानी रंजिश के चलते हुआ हमला

थाना सिविल लाइन एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश चंद्र ने बताया कि गांव नरवल निवासी ललित की शिकायत के अनुसार 10 जून की शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपने दोस्त अंकित के साथ आईटीआई से बस अड्डा कैथल पहुंचा था।

वहां पहले से रंजिश रखने वाले अंकित उर्फ मोटा, सीली उर्फ रजत, रोबिन तथा उनके अन्य साथी मौजूद थे। कुछ देर बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में झगड़े में बदल गई।

सूए से किए गए कई वार

शिकायत के अनुसार आरोपियों ने ललित को पकड़कर एक तरफ ले गए, जहां अंकित ने बर्फ तोड़ने वाले सूए से उस पर कई वार किए। वहीं अन्य आरोपी ने थप्पड़ों और मुक्कों से मारपीट की।

घटना के दौरान शोर-शराबा होने पर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने चारों आरोपियों को किया काबू

घटना की शिकायत मिलने के बाद थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए सीआईए-1 और थाना सिविल लाइन की संयुक्त टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा आरोपियों को निशानदेही के लिए बस अड्डा कैथल स्थित घटनास्थल पर भी ले जाया गया, जहां घटना से संबंधित जानकारी जुटाई गई।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश चंद्र ने कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले तथा हिंसक घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *