अवैध शराब के दो मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार, 43 बोतल शराब बरामद
कैथल: अवैध शराब तस्करी और शराब खुर्दों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 43 बोतल देसी शराब बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पहले मामले में थाना कलायत पुलिस के एएसआई सुखदेव सिंह की टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर कलायत निवासी विक्रम सिंह के मकान पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान मकान से 11 बोतल और 32 पव्वे देसी शराब बरामद हुए, जिसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरे मामले में चौकी क्योड़क पुलिस के एएसआई गुलाब सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव दयोहरा स्थित एक दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक सूबा राम को काबू किया गया। जांच में दुकान में रखी दो गत्ता पेटियों से 24 बोतल देसी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। मामले में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब तस्करी और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।









Leave a Reply