अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 मामलों में 9 आरोपी गिरफ्तार
122 बोतल शराब और 120 लीटर लाहण बरामद, विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
कैथल। जिला पुलिस ने अवैध शराब तस्करों और शराब कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए अलग-अलग 9 मामलों में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 122 बोतल शराब तथा 120 लीटर लाहण बरामद किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में अलग-अलग मामले दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध शराब के धंधे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत विभिन्न थाना और चौकी पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को काबू किया।
इन मामलों में हुई कार्रवाई
पहले मामले में थाना तितरम पुलिस ने गांव ड्योढ़ खेड़ी निवासी कर्म सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.25 बोतल हथकड़ी शराब बरामद की।
दूसरे मामले में चौकी महमूदपुर पुलिस ने समाना-गढ़ी नजीर रजवाहा मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान पंजाब के गांव धनेठी निवासी भूपेंद्र को गिरफ्तार कर 10 बोतल हथकड़ी शराब बरामद की।
तीसरे मामले में थाना गुहला पुलिस ने न्यू वर्ड होटल पर दबिश देकर सलेमपुर निवासी गुरनाम सिंह को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 15 बोतल देसी शराब बरामद की।
चौथे मामले में थाना सीवन पुलिस ने चीका-कांगथली रोड पर नाकाबंदी के दौरान गांव क्कहेड़ी निवासी दलबीर सिंह को काबू कर 20.25 बोतल हथकड़ी शराब बरामद की।
पांचवें मामले में थाना सीवन पुलिस ने विश्वकर्मा धर्मशाला के पास दबिश देकर खरडवाल (जिला जींद) निवासी रामनिवास को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 24 बोतल देसी शराब बरामद हुई।
छठे मामले में थाना कलायत पुलिस ने गांव बढ़सीकरी खुर्द निवासी जगबीर सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 24 बोतल देसी शराब बरामद की।
सातवें मामले में चौकी किठाना पुलिस ने गांव तारागढ़-बालू रोड पर नाकाबंदी के दौरान गुरनाम सिंह निवासी तारागढ़ को काबू कर 13 बोतल देसी शराब बरामद की।
आठवें मामले में चौकी संगतपुरा पुलिस ने गांव सिंणद-धनौरी रोड स्थित खेत कोठा पर छापेमारी कर रणधीर सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 120 लीटर लाहण बरामद किया गया।
नौवें मामले में थाना सदर पुलिस ने कैथल-माघोमाजरी रोड स्थित एक चिकन कॉर्नर पर दबिश देकर गांव मानस निवासी संजीव को गिरफ्तार किया और 13 बोतल देसी शराब बरामद की।
अवैध कारोबारियों पर जारी रहेगा अभियान
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।









Leave a Reply