अवैध पिस्तौल .32 बोर सहित आरोपी गिरफ्तार, पहले से 7 मामले दर्ज
कैथल, 12 मई 2026: जिला पुलिस द्वारा अवैध असला और गोला-बारूद रखने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना सदर क्षेत्र से एक युवक को अवैध .32 बोर पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एचसी अनिल कुमार की टीम रात्रि गश्त के दौरान गांव पाडला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव बाता निवासी सौरभ अवैध हथियार लेकर पाडला मेन रोड से मानस रोड स्थित पुलिया पर किसी के इंतजार में खड़ा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत रेडिंग पार्टी बनाकर मौके पर दबिश दी। वहां बताए गए हुलिए के अनुसार एक संदिग्ध युवक मिला, जिसने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे तुरंत काबू कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान गांव बाता निवासी सौरभ के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल .32 बोर बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर एचसी देवेंद्र सिंह ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से अवैध हथियार रखने, कातिलाना हमला और लड़ाई-झगड़े के कुल 7 मामले दर्ज हैं। व्यापक पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


Leave a Reply