अवैध असला-अमुनेशन सप्लाई करने के मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने आरोपी को किया गिरफ्तार
कैथल। अवैध असला-अमुनेशन की सप्लाई करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने एक हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी से गहन पूछताछ के लिए अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अवैध असला-अमुनेशन बरामदगी के एक मामले की आगे की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एचसी देवेंद्र सिंह की टीम द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान गांव काकौत निवासी सन्नी उर्फ बबल को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि 6 मार्च को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के एचसी हरीश कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव बाता से बालू रोड स्थित रजबाहा पुलिया के पास दबिश देकर गांव पाई निवासी नरेश उर्फ फिकर को गिरफ्तार किया था। आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। इस संबंध में थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया था।
पूछताछ के दौरान आरोपी नरेश ने खुलासा किया था कि उसे यह अवैध हथियार और कारतूस गांव सांपली खेड़ी निवासी नरसिंह उर्फ दीपु द्वारा उपलब्ध करवाए गए थे। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नरसिंह को भी गिरफ्तार कर लिया था।
मामले की आगे की जांच में सामने आया कि नरसिंह उर्फ दीपु को यह अवैध असला गांव काकौत निवासी सन्नी उर्फ बबल ने उपलब्ध करवाया था। इसी आधार पर पुलिस ने सन्नी उर्फ बबल को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से अवैध हथियारों की सप्लाई नेटवर्क और अन्य संबंधित व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। मामले की जांच जारी है।









Leave a Reply