एंटी नारकोटिक सेल की कार्रवाई, महिला तस्कर गिरफ्तार; 17.6 ग्राम हेरोइन बरामद
कैथल। जिला पुलिस द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल ने कार्रवाई करते हुए थाना सीवन क्षेत्र से एक महिला आरोपी को 17.6 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई जसमेर सिंह तथा थाना सीवन से महिला एचसी शशी की टीम गश्त के दौरान गांव कांगथली बस अड्डा पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक महिला बस अड्डा कांगथली में नशीला पदार्थ हेरोइन बेचने के लिए आने वाली है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत रेडिंग पार्टी गठित की और कांगथली बस अड्डे के पास निगरानी शुरू कर दी। कुछ समय बाद एक महिला डेरा राय सिंह कांगथली की तरफ से पैदल आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने उसे संदेह के आधार पर काबू कर लिया।
महिला की पहचान डेरा राय सिंह कांगथली निवासी रणजीत कौर के रूप में हुई। पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एईटीओ कैथल रोहित कुमार की मौजूदगी में महिला पुलिसकर्मी एचसी शशी द्वारा उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से काले रंग की पॉलिथीन में रखी 17.6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना सीवन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच एएसआई सुरेश कुमार द्वारा की जा रही है तथा महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला को अदालत में पेश किया जाएगा। उससे पूछताछ कर नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नशे के स्रोत के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।









Leave a Reply