“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

89 लाख 13 हजार रुपये की ट्रेडिंग ठगी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, 2 दिन का पुलिस रिमांड

89 लाख 13 हजार रुपये की ट्रेडिंग ठगी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, 2 दिन का पुलिस रिमांड

📍 कैथल | 🗓️ 17 मई 2026

कैथल, 17 मई: ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर 89 लाख 13 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में कैथल साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अदालत से तीनों आरोपियों का दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम में टीम इंचार्ज एएसआई मनीष कुमार की टीम ने कालका निवासी अमित खेड़ा, गांव ओरियन जिला पंचकूला निवासी हरनेक सिंह और कालिंदी कॉलोनी जिला यमुनानगर निवासी रमेश दत्ता को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार मॉडल टाउन कैथल निवासी सुधीर शर्मा, जिनकी अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है, को दिसंबर 2024 में अजय शर्मा नामक व्यक्ति ने बीएफएक्स ट्रेडिंग स्कीम में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोपियों ने 6 से 10 प्रतिशत मासिक लाभ और जरूरत पड़ने पर मूल राशि लौटाने का भरोसा दिया।

शिकायतकर्ता को विभिन्न प्रेजेंटेशन, मोबाइल एप और सेमिनारों के माध्यम से विश्वास में लिया गया। कालका, यमुनानगर, पिंजौर और अन्य स्थानों पर आयोजित बैठकों में भारी मुनाफे, विदेशी टूर और कमीशन का लालच देकर अधिक निवेश के लिए प्रेरित किया गया।

आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से शिकायतकर्ता से अलग-अलग तिथियों में कुल 89 लाख 13 हजार रुपये प्राप्त किए। शुरुआत में भरोसा बनाए रखने के लिए ढाई लाख रुपये नकद मुनाफे के रूप में भी दिए गए। बाद में जब पूरी राशि वापस मांगी गई तो आरोपी टालमटोल करते रहे।

दिसंबर 2025 में कालका स्थित एक होटल में हुई बैठक में आरोपियों ने स्पष्ट कर दिया कि निवेश की राशि केवल दो प्रतिशत मासिक किस्तों में लौटाई जाएगी। विरोध करने पर उन्होंने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद थाना साइबर क्राइम कैथल में मामला दर्ज किया गया।

तीनों आरोपी पहले से ही एक अन्य मामले में अंबाला जेल में बंद थे। इस मामले में गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए। पुलिस ने आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया और विस्तृत पूछताछ के लिए दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *