89.13 लाख की ऑनलाइन ट्रेडिंग ठगी में चौथा आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 18 मई: ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर 89 लाख 13 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में थाना साइबर क्राइम पुलिस ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जिला पंचकूला के पिंजौर निवासी विनय गुप्ता के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एएसआई मनीष कुमार के नेतृत्व में साइबर क्राइम टीम ने पिंजौर में दबिश देकर आरोपी को काबू किया।
पुलिस के अनुसार मॉडल टाउन कैथल निवासी आढ़ती सुधीर शर्मा को बीएफएक्स ट्रेडिंग स्कीम में निवेश कर 6 से 10 प्रतिशत मासिक लाभ का झांसा दिया गया था। कंपनी की प्रेजेंटेशन, मोबाइल ऐप और विभिन्न शहरों में आयोजित सेमिनारों के माध्यम से शिकायतकर्ता और उसके परिचितों को निवेश के लिए प्रेरित किया गया।
आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से शिकायतकर्ता से अलग-अलग तिथियों में कुल 89 लाख 13 हजार रुपये प्राप्त किए। शुरुआत में विश्वास बनाए रखने के लिए ढाई लाख रुपये नकद मुनाफे के रूप में भी दिए गए। बाद में पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे।
इस मामले में पुलिस पहले ही अमित खेड़ा, हरनेक सिंह और रमेश दत्ता को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में सामने आया कि विनय गुप्ता भी इस ठगी में शामिल था।
पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ कर रही है। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।









Leave a Reply