80 लाख रुपये की जमीन ठगी मामले में पांचवां आरोपी गिरफ्तार, 3 दिन के पुलिस रिमांड पर
कैथल, 12 मई 2026: आमजन से ठगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस की इकनॉमिक सेल ने जमीन बेचने के नाम पर 80 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव डयोढ़खेड़ी निवासी शीशपाल और जोगिंद्र ने शिकायत दी थी कि वे कृषि भूमि खरीदना चाहते थे। इसी दौरान खेड़ी निगरा, पटियाला निवासी कर्मजीत, समाना निवासी जोगिंद्र सिंह और अंग्रेज सिंह, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते हैं, उनसे मिले और कई स्थानों पर जमीन दिखाई। बाद में उन्होंने गांव शादीपुर, तहसील गुहला स्थित 50 कनाल 15 मरला भूमि दिखाई।
भूमि पसंद आने पर डीलरों ने शिकायतकर्ताओं की मुलाकात गांव पलौंदिया, जिला पटियाला निवासी अमरजीत सिंह और कमलजीत सिंह से करवाई और उन्हें जमीन का मालिक बताया। 37 लाख 75 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से सौदा तय हुआ। 12 मार्च को 60 लाख रुपये बयाना राशि के रूप में देकर इकरारनामा कराया गया। इसके बाद 21 अप्रैल को 20 लाख रुपये और दे दिए गए। रजिस्ट्री की तारीख 22 मई तय की गई।
निर्धारित तिथि पर जब शिकायतकर्ता तहसील गुहला पहुंचे तो आरोपी वहां नहीं आए। बाद में गांव शादीपुर जाकर जांच करने पर पता चला कि आरोपियों ने षड्यंत्रपूर्वक फर्जी व्यक्तियों को जमीन मालिक बताकर 80 लाख रुपये की ठगी की है। इस संबंध में थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच इकनॉमिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश की अगुवाई में एसआई कुलबीर सिंह, पीएसआई अमन और एएसआई रामपाल सिंह की टीम द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान समाना, पंजाब निवासी जोगिंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी जोगिंद्र सिंह ने डीलर कर्मजीत, सिमरनजीत और अन्य साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। व्यापक पूछताछ के लिए आरोपी को अदालत से 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।









Leave a Reply