4380 नशीली गोलियों के मामले में दूसरा सप्लायर गिरफ्तार, सुशील कुमार 3 दिन के पुलिस रिमांड पर
कैथल, 12 मई 2026: नशा तस्करों की जड़ तक पहुंचने के लिए जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने 4,380 प्रतिबंधित नशीली गोलियों की बरामदगी मामले में दूसरे सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 7 मई को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एएसआई शमशेर सिंह की टीम ने सिरसा ब्रांच नहर पटरी पर गांव चंदाना की ओर नाकाबंदी के दौरान गांव सांघन निवासी बिन्टु को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से लोराजेपम नामक टेबलेट के 146 पत्तों से कुल 4,380 प्रतिबंधित गोलियां बरामद हुई थीं।
इस संबंध में थाना तितरम में मामला दर्ज कर जांच एएसआई तरसेम कुमार द्वारा की गई। पूछताछ में बिन्टु ने खुलासा किया कि उसे ये नशीली गोलियां गांव नरड़ निवासी राहुल ने उपलब्ध करवाई थीं। इसके बाद पुलिस ने राहुल को पुराना बस अड्डा कैथल के पास से गिरफ्तार किया।
राहुल से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में सामने आया कि उसे ये गोलियां गांव डूमरखां, जिला जींद निवासी सुशील कुमार ने सप्लाई की थीं। इस जानकारी के आधार पर एएसआई तरसेम कुमार की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुशील कुमार को उसके गांव डूमरखां से गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार को आरोपी राहुल को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि आरोपी सुशील कुमार का 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस मामले में आगे की पूछताछ कर रही है।









Leave a Reply