22 किलो गांजा तस्करी मामले में दूसरा सप्लायर गिरफ्तार, ड्रग मनी भी बरामद
कैथल। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार नशा तस्करों की जड़ तक पहुंचकर नशा सप्लाई करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए-1 पुलिस ने गांजा सप्लाई मामले में दूसरे सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में एएसआई रघुबीर सिंह की टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए गांव गसौली, जिला सोनीपत निवासी सुनील को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 18 मई को सीआईए-1 पुलिस के एएसआई गुरदान सिंह की टीम ने कैथल-पुंडरी रोड स्थित गांव मुंदड़ी सिरसा ब्रांच नहर पुल पर नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार आरोपी प्रवीन कुमार निवासी कण्डेला, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) तथा कुलविंद्र सिंह उर्फ कर्ण निवासी सलारपुर, जिला करनाल को 22 किलोग्राम गांजा फूल-पत्ती सहित गिरफ्तार किया था।
इस संबंध में थाना पुंडरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच एएसआई रघुबीर सिंह द्वारा शुरू की गई। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि दोनों आरोपियों को गांजा फूल-पत्ती आरोपी काला द्वारा उपलब्ध करवाई गई थी।
पुलिस ने आरोपी काला को गिरफ्तार कर न्यायालय से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान पूछताछ में सामने आया कि आरोपी काला को यह गांजा फूल-पत्ती गांव गसौली, जिला सोनीपत निवासी सुनील द्वारा उपलब्ध करवाई गई थी।
जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुनील को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में दोनों आरोपियों के कब्जे से 2-2 हजार रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में आगामी जांच जारी है।


Leave a Reply