11.36 लाख रुपये की सरकारी पाइपलाइन चोरी मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, कैंटर बरामद
कैथल, 19 मई: संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम कसते हुए कैथल पुलिस ने करीब 11.36 लाख रुपये की सरकारी पेयजल पाइपलाइन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कैंटर भी बरामद किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव बरटा निवासी ठेकेदार कुलदीप सिंह ने शिकायत दी कि वह पिछले 15 वर्षों से पब्लिक हेल्थ विभाग में सरकारी ठेकेदार के रूप में कार्य कर रहा है। विभाग द्वारा गांव रसूलपुर में लगभग 7 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य उसे टेंडर के माध्यम से दिया गया था।
शिकायत के अनुसार 5 मई को निजामुद्दीन नामक व्यक्ति ने मजदूर उपलब्ध करवाने की बात कही और अपने तीन मजदूर गांव रसूलपुर भेज दिए। तीन दिन तक काम करने के बाद 15 मई की रात आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से पूरी पाइपलाइन ट्रक में लोड कर चोरी कर ली।
घटना की जानकारी मिलने पर ठेकेदार ने आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनके मोबाइल फोन बंद मिले। इसके बाद थाना सीवन में मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई जसमेर सिंह की टीम ने की। जांच के दौरान पुलिस ने गांव बौराका, जिला पलवल निवासी विजीद उर्फ वजा को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी से पूछताछ के लिए अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।


Leave a Reply