महिला हत्या मामले में आरोपी पति गिरफ्तार, चरित्र पर शक के चलते की थी मारपीट
कैथल, 08 मई 2026: महिला हत्या मामले की जांच करते हुए थाना शहर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच थाना शहर एसएचओ इंस्पेक्टर गीता की अगुवाई में इंस्पेक्टर वेदपाल की टीम द्वारा की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन नगर कैथल निवासी सोनू के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नरवाना निवासी अमन ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी बड़ी बहन कविता की शादी करीब 10 वर्ष पहले अर्जुन नगर निवासी सोनू के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसकी बहन को ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था। कई बार मारपीट कर उसे मायके भेज दिया जाता था, लेकिन परिवार द्वारा समझा-बुझाकर उसे दोबारा ससुराल भेज दिया जाता था ताकि उसका घर बसा रहे।
शिकायतकर्ता के अनुसार 27 अप्रैल को उसके जीजा सोनू ने फोन कर बताया कि कविता बाथरूम में गिर गई है और उसे सरकारी अस्पताल कैथल में दाखिल करवाया गया है। सूचना मिलने पर वह अपनी माता व अन्य परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में उपचार के दौरान कविता ने अपने भाई व परिजनों को बताया कि उसका पति सोनू उस पर चरित्र को लेकर शक करता था। इसी बात को लेकर पति सोनू, ससुर श्यामलाल, सास अंग्रेजो तथा देवर मोनू ने मिलकर उसके साथ डंडों से मारपीट की थी। कविता ने यह भी बताया कि आरोपियों ने उसे धमकी दी थी कि यदि उसने किसी को सच्चाई बताई तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
बाद में कविता की हालत बिगड़ने पर उसे शाह अस्पताल कैथल में दाखिल करवाया गया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। 6 मई को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे दोबारा सरकारी अस्पताल कैथल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद थाना शहर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी सोनू ने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी कारण उसने डंडे से उसके साथ मारपीट की थी। पुलिस द्वारा आरोपी का न्यायालय से रिमांड हासिल कर मामले में व्यापक पूछताछ की जाएगी।















Leave a Reply