“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

पिता का दोस्त बन छात्रा से 1 लाख से ज्यादा की ठगी, साइबर क्राइम थाना ने 2 आरोपी किए गिरफ्तार

पिता का दोस्त बन छात्रा से 1 लाख से ज्यादा की ठगी, साइबर क्राइम थाना ने 2 आरोपी किए गिरफ्तार

📍 कैथल | 🗓️ 08 मई 2026

कैथल, 08 मई 2026: साइबर अपराधियों के खिलाफ जिला पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार थाना साइबर क्राइम कैथल ने छात्रा से पिता का दोस्त बनकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामले की जांच थाना साइबर क्राइम में टीम इंचार्ज एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में एएसआई अमृतलाल की टीम द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान गांव जयवंत जिला नूंह निवासी सापी तथा गांव जुरहेरा जिला डीग राजस्थान निवासी जितेंद्र को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि देवीगढ़ रोड कैथल निवासी सिमरन ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका यूनियन बैंक में खाता है। 26 अप्रैल को उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को उसके पिता परमजीत का दोस्त मनोज बताया। आरोपी ने कहा कि उसके पिता ने 90 हजार रुपये भेजने के लिए कहा है और उसने गूगल पे के माध्यम से पैसे भेजने की बात कही।

इसके बाद आरोपी ने 10 रुपये, 10 हजार रुपये और 20 हजार रुपये के फर्जी ट्रांजैक्शन मैसेज भेजे। फिर आरोपी ने कहा कि गलती से 12 हजार की जगह 30 हजार रुपये भेज दिए गए हैं और 18 हजार रुपये वापस करने को कहा। झांसे में आकर सिमरन ने 12,800 रुपये आरोपी के बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए।

जब आगे ट्रांजेक्शन नहीं हो पाया तो आरोपी ने आयुष्मान शिवहरे नाम से व्हाट्सएप नंबर के जरिए एक क्यूआर स्कैनर भेजा। छात्रा ने भरोसा कर अपने खाते से 27 हजार रुपये और अपनी मां के खाते से 48 हजार रुपये गूगल पे के जरिए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने एक और स्कैनर भेजा, जिस पर 20 हजार रुपये और ट्रांसफर कर दिए गए।

बाद में खातों की शेष राशि देखने पर पता चला कि आरोपी ने कोई रकम भेजी ही नहीं थी, बल्कि फर्जी मैसेज के जरिए उसे भ्रमित किया गया था। इस प्रकार आरोपी ने कुल 1,07,800 रुपये की ठगी कर ली। मामले में थाना साइबर क्राइम में केस दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही गांव मामलिका जिला मेवात निवासी मोहम्मद मकसूद और नसिम को मेवात के जंगलों से गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार किए गए दोनों नए आरोपी भी इसी वारदात में शामिल पाए गए हैं।

आरोपी जितेंद्र को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि आरोपी सापी का दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *