थाना ढांड पुलिस की कार्रवाई, 200 पव्वे देशी शराब सहित दो आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 08 मई 2026: अवैध शराब तस्करों और खुर्दों के खिलाफ जिला पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार थाना ढांड पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 200 पव्वे देशी शराब सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना ढांड पुलिस के एएसआई नायाब सिंह की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध शराब की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा एनएच-152 डी हाईवे पुल के नीचे ढांड-कुरुक्षेत्र रोड पबनावा के पास नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान ढांड की तरफ से आ रही एक संदिग्ध बाइक को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर बाइक चालक ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाइक सवार दोनों युवकों को काबू कर लिया।
आरोपियों की पहचान गांव चुहड़माजरा निवासी हैप्पी और मदन के रूप में हुई। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक प्लास्टिक कट्टे में रखे 200 पव्वे देशी शराब बरामद किए गए।
पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ थाना ढांड में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।















Leave a Reply