“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

एंटी नारकोटिक सेल की बड़ी कार्रवाई, 360 किलो डोडा पोस्त के साथ ट्रक चालक गिरफ्तार

एंटी नारकोटिक सेल की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 360 किलो डोडा पोस्त बरामद, आरोपी गिरफ्तार

📍 कैथल | 🗓️ Updated: 22 April 2026
जिला पुलिस की बड़ी सफलता, गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए 35 लाख कीमत का नशीला पदार्थ बरामद।

कैथल, 22 अप्रैल: जिला पुलिस द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल कैथल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक चालक को 360 किलोग्राम डोडा पोस्त सहित गिरफ्तार किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई जसमेर सिंह की टीम गश्त के दौरान खरक पांडवा जम्मू कटरा हाईवे पुल के नीचे मौजूद थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक ट्रक (नंबर PB06AV0418) में भारी मात्रा में डोडा पोस्त लेकर राधा स्वामी सत्संग भवन कलायत के पास खड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रेडिंग पार्टी बनाकर मौके पर दबिश दी, जहां एक बंद बॉडी ट्रक खड़ा मिला। ट्रक में बैठे व्यक्ति को काबू किया गया, जिसने खुद को चालक बताया। उसकी पहचान नाहरपुर जिला गुरदासपुर (पंजाब) निवासी हरविंद्र सिंह के रूप में हुई।

डीएसपी कलायत ललित कुमार की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान घरेलू सामान की आड़ में रखे 18 कट्टे बरामद हुए। जांच करने पर इन कट्टों में डोडा पोस्त पाया गया। प्रत्येक कट्टे का वजन 20 किलो था, जिससे कुल बरामद नशीले पदार्थ का वजन 360 किलोग्राम निकला।

आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज कर एएसआई रोहताश द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रक में घरेलू सामान लोड कर तमिलनाडु से जम्मू जा रहा था और रास्ते में मध्यप्रदेश से यह नशीला पदार्थ खरीदा था।

पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा और आगे की पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *