“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

अमेरिका में युवक की मौत पर सुरजेवाला का सरकार पर निशाना, बेरोजगारी को बताया जिम्मेदार

अमेरिका में युवक की मौत पर सुरजेवाला का सरकार पर हमला, बेरोजगारी को बताया बड़ा कारण

📍 कैथल | 🗓️ Updated: April 2026
कैथल के युवक की विदेश में दर्दनाक मौत पर रणदीप सुरजेवाला ने हरियाणा में बेरोजगारी को जिम्मेदार ठहराते हुए सरकार पर उठाए सवाल।

कैथल, 19 अप्रैल 2026: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कैथल जिले के गांव बाकल निवासी 26 वर्षीय युवक सिमरनजीत सिंह की अमेरिका में हुई दर्दनाक मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है और इसे भाजपा सरकार की बेरोजगारी नीति का परिणाम बताया है।

सुरजेवाला ने बताया कि सिमरनजीत सिंह बेहतर भविष्य की तलाश में करीब 50 लाख रुपये का कर्ज लेकर डंकी रूट से अमेरिका गया था। वहां कैलिफोर्निया में ट्रक ड्राइवर के रूप में कार्यरत युवक सड़क किनारे अपने केमिकल से भरे ट्रक के साथ खड़ा था, तभी पीछे से आए एक अन्य वाहन की जोरदार टक्कर से ट्रक में आग लग गई और युवक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।

उन्होंने कैथल से जारी अपने प्रेस बयान में कहा कि यह केवल एक युवक की मौत नहीं है, बल्कि भाजपा सरकार के पिछले वर्षों की नीतिगत विफलताओं का परिणाम है। हरियाणा के युवाओं के पास न तो पर्याप्त नौकरियां हैं, न ही स्थानीय स्तर पर उद्योग और न ही उचित स्किल डेवलपमेंट के अवसर उपलब्ध हैं।

सुरजेवाला ने कहा कि लाखों युवा मजबूरी में कर्ज लेकर विदेश जाने को विवश हैं और कई बार उन्हें ऐसे हादसों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी से सवाल करते हुए कहा कि आखिर कब तक हरियाणा के युवा बेरोजगारी का दंश झेलते रहेंगे और विदेशों में जान गंवाते रहेंगे।

उन्होंने सरकार से मांग की कि युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और स्थानीय अवसरों को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने युवाओं को केवल आश्वासन दिए हैं, जबकि जमीनी स्तर पर ठोस प्रयास नहीं किए गए।

अंत में रणदीप सिंह सुरजेवाला ने दिवंगत युवक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *