ऑपरेशन मुस्कान के तहत 78 बच्चों को मिला नया जीवन और सुरक्षा
कैथल: “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत जिला कैथल में मानवता और संवेदनशीलता की प्रेरणादायी मिसाल देखने को मिली। एमडीडी ऑफ इंडिया और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए 78 जरूरतमंद बच्चों को रेस्क्यू कर चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया।
इन बच्चों में गुमशुदा, बाल श्रमिक, भीख मांगने वाले, कूड़ा बीनने वाले तथा संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चे शामिल थे।
सीडब्ल्यूसी चेयरमैन भीम सेन अग्रवाल ने बताया कि अप्रैल 2026 की मासिक समीक्षा रिपोर्ट में कई महत्वपूर्ण मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया। अभियान के दौरान 18 गुमशुदा बच्चों को खोजकर उनके परिजनों से मिलवाया गया, जबकि 20 बच्चों को बाल श्रम से मुक्त करवाया गया।
इसके अतिरिक्त 22 बच्चों को भीख मांगने की विवशता से बाहर निकालकर सुरक्षित संरक्षण दिया गया तथा 8 कूड़ा बीनने वाले बच्चों के पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी की गई।
उन्होंने बताया कि एक परित्यक्त मासूम बच्ची को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाते हुए विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी (एसएए) में शिफ्ट किया गया, ताकि उसे बेहतर भविष्य और पारिवारिक संरक्षण मिल सके।
अभियान के दौरान बच्चों की काउंसलिंग, चिकित्सा जांच, सुरक्षा और पुनर्वास को प्राथमिकता दी गई।
भीम सेन अग्रवाल ने कहा कि हर बच्चे को भय, शोषण और असुरक्षा से मुक्त वातावरण देना समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। सीडब्ल्यूसी की टीम लगातार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी बच्चा दोबारा असुरक्षित परिस्थितियों में न पहुंचे तथा उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
“ऑपरेशन मुस्कान” अभियान ने न केवल बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई, बल्कि उनके जीवन में उम्मीद की नई किरण भी जगाई है।














Leave a Reply