गुरुद्वारा ननकाना साहिब में विधायक सतपाल जाम्बा ने की सेवा, सफाई अभियान और छबील में लिया भाग
पूंडरी। हाबड़ी रोड स्थित गुरुद्वारा ननकाना साहिब में वीरवार को सेवा, समर्पण और भाईचारे का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। गुरुद्वारा परिसर में आयोजित सफाई अभियान, छबील सेवा और रंग-रोगन कार्य में पूंडरी के विधायक सतपाल जाम्बा ने संगत और सेवादारों के साथ सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान विधायक सतपाल जाम्बा ने स्वयं गुरुद्वारा परिसर की सफाई में सहयोग किया तथा गुरु घर को सुंदर बनाने के लिए चल रहे रंग-रोगन कार्य में भी योगदान दिया। इसके अलावा उन्होंने श्रद्धालुओं को मीठा पानी वितरित करने की छबील सेवा में हिस्सा लिया।
विधायक ने संगत के साथ पंगत में बैठकर लंगर ग्रहण किया और गुरु परंपरा के सेवा, समानता तथा भाईचारे के संदेश को आत्मसात करने की बात कही।
इस अवसर पर सतपाल जाम्बा ने कहा कि गुरु घर की सेवा से बढ़कर कोई पुण्य कार्य नहीं है। गुरुद्वारे हमें सेवा, त्याग, भाईचारे और मानवता की सीख देते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं।
गुरुद्वारा प्रबंधन समिति और सिख समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक सतपाल जाम्बा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का स्वयं सेवा कार्यों में भाग लेना समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है।
कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा, सेवा और उत्साह का वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में संगत और सेवादारों ने सेवा कार्यों में भाग लेते हुए समाज में भाईचारे और मानवता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


Leave a Reply