कैथल। वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध में लाहौर सेक्टर में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देने वाले तीन गढ़वाल राइफल के अमर शहीद कैप्टन जसविंदर सिंह को उनकी 61वीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के प्रधान जगजीत फौजी ने पूर्व सैनिकों, गांव के सरपंच, पंच, स्कूल स्टाफ और अन्य गणमान्य लोगों के साथ शहीद को नमन किया।
सबसे पहले रेलवे स्टेशन पर शहीद कैप्टन जसविंदर सिंह के नाम से स्थापित स्मृति स्थल पर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद शहीद कैप्टन जसविंदर सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पबनावा में बने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया गया।
इस दौरान पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के प्रधान जगजीत फौजी ने कहा कि कैप्टन जसविंदर सिंह ने वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध में लाहौर सेक्टर में दुश्मन के खिलाफ अदम्य साहस का परिचय दिया था। उन्होंने बताया कि शहीद कैप्टन जसविंदर सिंह अपने बड़े भाई लेफ्टिनेंट जनरल शेर अमीर सिंह और कर्नल जी.एस. मालिया से प्रेरणा लेकर सेना में भर्ती हुए थे। उन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए 9 सितंबर 1965 को अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
जगजीत फौजी ने बताया कि वर्ष 1965 के युद्ध में कैथल जिले के 12 वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उन्होंने पूर्व सैनिकों से आह्वान किया कि इन वीर शहीदों की पुण्यतिथियों पर उनके पैतृक गांवों में पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करें, ताकि नई पीढ़ी को भी उनके बलिदान और देशभक्ति से प्रेरणा मिल सके।
उन्होंने बताया कि 10 सितंबर को शहीद रामचंद्र हरसोला (3 जाट), 18 सितंबर को शहीद हरभजन सिंह स्यों माजरा (13 पंजाब), 19 सितंबर को शहीद हरिश्चंद्र नैना (6 जाट), 20 सितंबर को शहीद गुरदयाल जाखौली (3 जाट) को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
इसी क्रम में शहीद सियाराम राजौंद (14 राजपूत), शहीद केहर सिंह ढांड (17 राजपूत), शहीद सुरेंद्र क्योर माजरा (जैक राइफल्स), 22 सितंबर को शहीद कर्नल हरिगढ़ किनण (3 जाट) तथा शहीद रामचंद्र कैलरम (3 जाट) और 30 सितंबर को शहीद सुरेश फ्रांस वाला (134 फील्ड रेजीमेंट) को भी श्रद्धांजलि अर्पित करने का आह्वान किया गया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान जगजीत फौजी, सूबेदार फतेह सिंह, सरपंच सुरजीत, प्रिंसिपल सतीश कुमार, कैप्टन गजे सिंह, कैप्टन फूल सिंह, हवलदार बलजीत सिंह, हवलदार भगवान दास, हवलदार वीर सिंह स्योंकन्द, सूबेदार विजय शर्मा, सूबेदार बलबीर सिंह माजरा, दफेदार बलदेव सिंह, गुरनाम सिंह, पंच राजवीर, प्रवक्ता गुरनाम सिंह, विक्रम सिंह, टेकचंद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद कैप्टन जसविंदर सिंह के बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया और देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले सभी वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।



Leave a Reply