“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

शहीद लांस नायक नरेंद्र सिंधु की पहली पुण्यतिथि पर होगा श्रद्धांजलि कार्यक्रम, शौर्य चक्र विजेता के सम्मान में प्रतिमा का अनावरण

कैथल, 7 सितंबर 2026। शहीद लांस नायक नरेंद्र सिंधु शौर्य चक्र (मरणोपरांत) की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर 8 सितंबर मंगलवार को रोहेड़ा गांव में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, सैनिक अधिकारी, पूर्व सैनिक, एनसीसी कैडेट, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल होकर शहीद के सर्वोच्च बलिदान को नमन करेंगे।

पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के प्रधान जगजीत फौजी ने बताया कि 8 सितंबर को सुबह 9 बजे किठाना रोड स्थित रोहेड़ा बस अड्डे पर बने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद शहीद लांस नायक नरेंद्र सिंधु राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रोहेड़ा के प्रांगण में शहीद की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान लोक गायक कलाकार फौजी कर्मवीर और बलवान फौजी देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर शहीद को श्रद्धांजलि देंगे। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों के साथ-साथ हजारों ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना है।

लेफ्टिनेंट जनरल डीपी वत्स ने शहीद नरेंद्र सिंधु को किया नमन

जगजीत फौजी ने बताया कि ओम हॉस्पिटल, पुंडरी की पांचवीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र पाल वत्स पहुंचे। इस दौरान पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से उन्हें कैथल जिले के सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया गया।

एसोसिएशन ने कैथल में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक से संबंधित समस्याओं, पूर्व सैनिकों के लिए सभी संस्थानों को एक छत के नीचे स्थापित करने, एनसीसी बटालियन और केंद्रीय विद्यालय खोलने, लाइब्रेरी एवं कंप्यूटर संस्थान की सुविधा उपलब्ध करवाने तथा सैनिकों के लिए सैनिक आयोग के गठन की मांग रखी।

इसके अलावा पूर्व सैनिक परिवारों को आधार कार्ड, वोटर कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बनवाने में आने वाली परेशानियों और सेना की सेवानिवृत्ति पुस्तिका को सिविल प्रशासन में मान्य किए जाने की मांग भी रखी गई।

समस्याओं पर कार्रवाई का भरोसा

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र पाल वत्स ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनका गहराई से अध्ययन किया। उन्होंने एसोसिएशन को भरोसा दिलाया कि उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रयास किए जाएंगे।

अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट जनरल डीपी वत्स ने शहीद लांस नायक नरेंद्र सिंधु शौर्य चक्र (मरणोपरांत) के उत्कृष्ट कार्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उन्होंने शहीद के परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।

कई क्षेत्रों से पहुंचे पूर्व सैनिक

कार्यक्रम में राजौंद, पुंडरी, ढांड और कैथल के पूर्व सैनिक संगठनों के प्रधान अपने साथियों के साथ बड़ी संख्या में पहुंचे। वहीं गुहला के प्रधान सूबेदार अवतार सिंह ने अपने साथियों के साथ गांव के सरपंच, पंचायत और ग्रामीणों की मौजूदगी में शहीद सिपाही राजेश कुमार के स्मारक स्थल एवं उनकी याद में बनने वाले पार्क की आधारशिला रखी।

पूर्व सैनिक संगठनों ने कहा कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों की स्मृति को जीवित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और युवाओं को उनके शौर्य एवं देशभक्ति से प्रेरणा लेनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *