कैथल, 9 सितंबर 2026: थाना गुहला क्षेत्र में सड़क किनारे रखा बैग चोरी करने के मामले में चौकी रामथली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा बैग, 13 हजार रुपये नकद और चार चोरीशुदा बाइक बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एसपी कैथल मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। मामले की जांच चौकी रामथली प्रभारी एएसआई राजेश कुमार की टीम ने की।
खेतों में गए व्यक्ति का बैग चोरी कर हुए थे फरार
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि गांव धर्मपुरा निवासी बलदेव सिंह ट्रक चालक का काम करता है। शिकायत के अनुसार 27 अगस्त को वह पातड़ा से माता गुजरी चौक खरंका तक एक अज्ञात व्यक्ति की मोटरसाइकिल पर लिफ्ट लेकर पहुंचा था।
रात करीब 9 बजे वह माता गुजरी चौक खरंका से पैदल सड़क के किनारे जा रहा था। इसी दौरान पेट में दर्द होने पर उसने अपना कपड़ों का बैग सड़क किनारे रख दिया और खेतों में लघुशंका के लिए चला गया।
जब वह वापस बैग के पास पहुंचा तो खरंका की तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और सड़क किनारे रखा बैग चोरी करके फरार हो गए। मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी। शिकायत के आधार पर थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चौकी रामथली पुलिस ने गांव सतराणा, जिला पटियाला, पंजाब निवासी सोनू राम पुत्र दयालु राम और सोनू राम पुत्र जीता राम को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा बैग और 13 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने चार अन्य चोरीशुदा मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
नरवाना और पंजाब से बाइक चोरी करने की बात कबूली
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सहित एक बाइक नरवाना, जिला जींद से और तीन बाइक पंजाब से चोरी करने की बात कबूल की है।
पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोनू राम पुत्र दयालु राम के खिलाफ लड़ाई-झगड़े और चोरी के सात मामले दर्ज हैं। वहीं, सोनू राम पुत्र जीता राम के खिलाफ चोरी का एक मामला पहले से दर्ज है।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
Keywords: कैथल पुलिस, कैथल चोरी मामला, बैग चोरी, रामथली पुलिस, गुहला पुलिस, दो आरोपी गिरफ्तार, चोरीशुदा बाइक बरामद, 13 हजार रुपये बरामद, Kaithal News, Kaithal Police



Leave a Reply