“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

गांव रोहेड़ा में 8 सितंबर को मनाई जाएगी शहीद लांसनायक नरेंद्र सिंधु शौर्य चक्र की पुण्यतिथि

कैथल। गांव रोहेड़ा में शहीद लांसनायक नरेंद्र सिंधु शौर्य चक्र की मरणोपरांत पुण्यतिथि 8 सितंबर को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन शहीद लांसनायक नरेंद्र सिंधु राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रोहेड़ा के प्रांगण में किया जाएगा। इस अवसर पर शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ शहीद की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा।

पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के प्रतिनिधिमंडल तथा शहीद परिवार के सदस्यों ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल में शहीद के पिता दलबीर सिंह सहित परिवार के सदस्य, लोक गायक फौजी कर्मवीर, कैप्टन मुख्तार सिंह जांगड़ा, सूबेदार मेजर खजान सिंह, एचएफओ भीम सिंह गिल, कैप्टन बलजीत मोर, दफेदार बलदेव, हवलदार मांगे राम शर्मा, सूबेदार विजय शर्मा, रिसालदार करमबीर, हवलदार अभे सिंह, सूबेदार रामफल चहल सहित अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

शहीद स्मारक पर अर्पित की जाएगी श्रद्धांजलि

पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के प्रधान जगजीत फौजी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले किठाना रोड पर रोहेड़ा बस अड्डे के पास स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद शहीद के विद्यालय परिसर में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद लांसनायक नरेंद्र सिंधु की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

प्रतिमा का अनावरण कैथल की उपायुक्त अपराजिता के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक अधिकारी, कार्यरत सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक, ग्रामवासी और स्कूल के विद्यार्थी शामिल होंगे।

देशभक्ति गीतों से दी जाएगी शहीद को श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। लोक गायक कलाकार फौजी कर्मवीर देशभक्ति गीतों के माध्यम से शहीद लांसनायक नरेंद्र सिंधु को श्रद्धांजलि देंगे। इसके अलावा विद्यालय के विद्यार्थी भी देशभक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों एवं अन्य विशिष्ट व्यक्तियों के सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा।

6 सितंबर को होगी कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा

जगजीत फौजी ने बताया कि कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए 6 सितंबर, रविवार को सुबह 9 बजे कैथल के नए बस अड्डे के नजदीक स्थित हनुमान वाटिका में पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में 8 सितंबर को होने वाले शहीद की पुण्यतिथि कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

शहीद लांसनायक नरेंद्र सिंधु की पुण्यतिथि का यह कार्यक्रम क्षेत्रवासियों के लिए देशभक्ति, शौर्य और बलिदान को याद करने का अवसर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *