नशा मुक्त समाज के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी : एसडीएम अजय हुड्डा
कलायत, 26 मई: एसडीएम अजय हुड्डा ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशा मुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए अवैध नशीले पदार्थों की रोकथाम सुनिश्चित की जाए।
एसडीएम अजय हुड्डा मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में आयोजित एनकॉर्ड समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए और ग्रामीणों को भी इस मुहिम से जोड़ा जाए। स्कूलों और कॉलेजों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जाए।
एसडीएम ने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा मेडिकल स्टोरों की जांच करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए प्रशासन, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग और समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है, इसलिए इसके खिलाफ जन जागरूकता अभियान में तेजी लाई जाए। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।








Leave a Reply