नाबालिग बच्चियों के अपहरण प्रयास मामले में आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त
कैथल। नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में थाना कलायत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसएचओ थाना कलायत पीएसआई अमन कुमार की अगुवाई में पीएसआई अमित कुमार की टीम द्वारा गांव अंदाना, जिला पंजाब निवासी आरोपी रमन को गिरफ्तार किया गया है।
शिकायतकर्ता गांव बात्ता निवासी चन्द्रपति के अनुसार उनकी बेटी रेखा सुबह सजूमा रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर कुरुक्षेत्र जाने के लिए घर से निकली थी। उसके साथ उसकी भांजियां तानिया (13-14 वर्ष) तथा गुंजन (8-9 वर्ष) भी रेलवे स्टेशन जाने वाली थीं।
इसी दौरान एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक दोनों बच्चियों को रेलवे स्टेशन छोड़ने का झांसा देकर अपने साथ ले गया। आरोपी बच्चियों को रेलवे स्टेशन पर छोड़ने के बजाय पंजाब की ओर ले जाने लगा।
रास्ते में गांव सिणंद-धनोरी रोड के पास मोटरसाइकिल खराब हो गई। इस दौरान बच्चियों ने शोर मचाकर राहगीरों को पूरी घटना की जानकारी दी।
राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चियों को सकुशल अपने साथ ले गए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान रमन निवासी अंदाना (पंजाब) के रूप में बताई।
मामले की शिकायत मिलने पर थाना कलायत में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।


Leave a Reply