“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल पुलिस लाइन में जनरल परेड, अपराध व अपराधियों पर शिकंजा कसने के निर्देश


कैथल, 28 सितंबर। जिला पुलिस लाइन कैथल में सोमवार को जनरल परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने पुलिस कर्मचारियों को बेहतर पुलिसिंग, अपराध की रोकथाम और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनरल परेड में डीएसपी बीर भान, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीएसपी रमेश चंद्र, सभी चौकी प्रभारी एवं थाना प्रबंधक, ओएसआई प्रवेश, सीडीआई अजय तथा एसपी कार्यालय में तैनात अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
डीएसपी बीर भान ने पुलिस कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर गश्त एवं पेट्रोलिंग करें। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की लगातार जांच की जाए, ताकि अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार रखने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राइडर्स और डायल 112 वाहनों का किया निरीक्षण
जनरल परेड के दौरान डीएसपी बीर भान, डीएसपी रमेश चंद्र और डीएसपी रोहताश ने पुलिस लाइन में राइडर्स बाइक तथा डायल 112 की ईआरवी गाड़ियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वाहनों और उनमें उपलब्ध उपकरणों के उचित रखरखाव को लेकर कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने राइडर्स और डायल 112 पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक गश्त एवं पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए, ताकि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके और क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण कायम हो।
पुलिस कर्मचारियों से उनके संबंधित क्षेत्रों के बारे में जानकारी भी ली गई। अधिकारियों ने कहा कि राइडर्स और डायल 112 कर्मचारियों को अपने क्षेत्र में आने वाले एटीएम, बैंक, स्कूल, कॉलेज और सरकारी भवनों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। साथ ही शरारती एवं संदिग्ध तत्वों पर विशेष नजर रखने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए। नाकों पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
भारतीय न्याय संहिता के पालन की ली शपथ
इस अवसर पर जिला पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 के प्रावधानों का पालन करने की शपथ ली। पुलिस कर्मचारियों ने कानून के प्रति निष्ठा, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा आमजन को न्याय दिलाने के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध की रोकथाम, अपराधियों की धरपकड़ और आमजन की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में पुलिस गश्त एवं निगरानी को लगातार मजबूत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *