कैथल, 27 सितंबर। कैथल पुलिस ने अवैध असला रखने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार अलग-अलग दो मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर और 12 बोर के दो अवैध देशी कट्टे तथा एक कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चला रही हैं। इसी अभियान के दौरान एंटी व्हीकल थैफ्ट स्टाफ की टीमों ने दोनों आरोपियों को काबू किया।
सोगरी बस अड्डे से 12 बोर के कट्टे सहित आरोपी गिरफ्तार
पहले मामले में एंटी व्हीकल थैफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की अगुवाई में एएसआई अजीत सिंह की टीम अपराधों की रोकथाम के संबंध में गांव देबन बस अड्डे पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव किठाना निवासी कुलदीप के पास अवैध देशी कट्टा है और वह किसी व्यक्ति के इंतजार में सोगरी बस अड्डे पर खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर एक युवक किठाना की तरफ जाने लगा, जिसे टीम ने काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान कुलदीप निवासी किठाना के रूप में हुई।
नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से 12 बोर का अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। जांच के दौरान कट्टे के चैम्बर से एक कारतूस भी बरामद किया गया। इस संबंध में थाना राजौंद में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
न्यू अनाज मंडी किठाना से 315 बोर का कट्टा बरामद
दूसरे मामले में एंटी व्हीकल थैफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई लखविंद्र सिंह की टीम थाना राजौंद क्षेत्र के गांव रोहेड़ा के पास मौजूद थी। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि न्यू अनाज मंडी किठाना के मुख्य गेट पर किठाना निवासी अनील उर्फ सागर के पास 315 बोर का अवैध देशी कट्टा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर एक युवक अनाज मंडी के अंदर जाने लगा, जिसे पुलिस टीम ने काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अनील उर्फ सागर निवासी किठाना, हाल निवासी इंद्रा कॉलोनी, पानीपत के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। इस मामले में भी थाना राजौंद में मामला दर्ज किया गया। मौके पर पहुंचे एएसआई संदीप कुमार ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा
पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत के आदेशानुसार उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कैथल पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।


Leave a Reply