गांव बालू में शहीद की प्रतिमा तोड़ने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 21 मई: गांव बालू में शहीद कर्मचंद की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के मामले में थाना कलायत पुलिस और एंटी नारकोटिक सेल ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार की गई कार्रवाई में गांव बालू निवासी मिठून को गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच थाना कलायत के जांच अधिकारी पीएसआई पंकज द्वारा की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार ग्राम पंचायत बालू के सरपंच दिनेश कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 16 और 17 मई 2026 की रात किसान रोड बस स्टैंड के पास स्थित शहीद कर्मचंद की प्रतिमा को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा नुकसान पहुंचाया गया। इस घटना से गांववासियों और सैनिक संगठनों की भावनाओं को ठेस पहुंची थी।
शिकायत के आधार पर थाना कलायत में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी मिठून को गिरफ्तार कर घटनास्थल पर ले जाकर निशानदेही भी करवाई।
जांच के दौरान पता चला कि वारदात के समय आरोपी मिठून, गांव बालू निवासी सावन और एक 17 वर्षीय नाबालिग साथ थे। पुलिस के अनुसार आरोपी मिठून ने शराब के नशे में प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया था।
पुलिस इससे पहले आरोपी सावन को गिरफ्तार कर चुकी है तथा एक नाबालिग को भी पकड़ लिया गया है। आरोपी मिठून को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा और उससे पूछताछ जारी है।









Leave a Reply