15 से 29 वर्ष तक के युवा ले सकेंगे भाग, विजेताओं को मिलेंगे 2,100 से 41 हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार; आवेदन की अंतिम तिथि 16 नवंबर
कैथल। जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग हरियाणा के मार्गदर्शन में जिला युवा महोत्सव 2026 का आयोजन 19 और 20 नवंबर को राजकीय आईटीआई कैथल के प्रांगण में किया जाएगा। महोत्सव में छह अलग-अलग विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें कुल 99 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 2,100 रुपये से लेकर 41 हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
जिला युवा महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गुलजार मलिक की अध्यक्षता में महोत्सव कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को आयोजन की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गुलजार मलिक ने कहा कि कैथल का युवा महोत्सव प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ युवा महोत्सव के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।
उन्होंने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार आयोजित होने वाला यह महोत्सव जिले के युवाओं में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का बेहतर मंच बनेगा। महोत्सव में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को जिला प्रशासन की ओर से प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
छह विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं, 99 पुरस्कार किए जाएंगे वितरित
जिला युवा महोत्सव में 15 से 29 वर्ष तक की आयु के स्कूली और गैर स्कूली युवा भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं के तहत ग्रुप फोक डांस, ग्रुप फोक सॉन्ग, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, कविता लेखन और फोक म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंटल को शामिल किया गया है। इन छह विधाओं में प्रतिभागियों को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताओं में कुल 99 पुरस्कार दिए जाएंगे तथा विजेताओं को 2,100 रुपये से लेकर 41,000 रुपये तक के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
16 नवंबर तक जमा करवाएं आवेदन फॉर्म
महोत्सव में भाग लेने के इच्छुक युवाओं के पंजीकरण के लिए जिले की प्रत्येक खंड स्तरीय आईटीआई में पंजीकरण केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा जींद रोड स्थित राजकीय आईटीआई कैथल में जिला स्तरीय हेल्प डेस्क एवं पंजीकरण केंद्र स्थापित किया गया है। युवा यहां से निशुल्क आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।
आवेदन फॉर्म के साथ परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड और एक पासपोर्ट साइज फोटो लगाना अनिवार्य है। फॉर्म में मोबाइल नंबर दर्ज करना भी जरूरी होगा। ग्रुप के रूप में प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को समूह के प्रत्येक सदस्य की पूरी जानकारी अलग-अलग फॉर्म में भरनी होगी। आवेदन फॉर्म 16 नवंबर 2026 तक किसी भी खंड स्तरीय आईटीआई अथवा जिला नोडल आईटीआई में जमा करवाए जा सकते हैं।
जिला स्तर के विजेता राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा
जिला युवा महोत्सव में प्रत्येक विधा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राज्य युवा महोत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा। वहीं राज्य स्तर पर विजेता बनने वाले प्रतिभागी 11 और 12 जनवरी 2027 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
महोत्सव में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी सरकारी एवं निजी कॉलेजों, बहुतकनीकी संस्थानों, वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों और ग्रामीण युवा क्लबों को शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को सौंपी गई आयोजन की जिम्मेदारी
समीक्षा बैठक में उच्चतर शिक्षा अधिकारी कैथल अविनाश पाठक, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद राणा, बहुतकनीकी कॉलेज के प्राचार्य कुलविंदर सिंह, जिला युवा अधिकारी मोहित नेहरा, राजकीय आईटीआई कैथल के प्राचार्य जगमोहन, प्रमोद कुमार, शमशेर सिंह मलिक, नरेश पंवार सहित कैथल, पुंडरी, राजौंद, चीका, कलायत और सीवन के खंड युवा समन्वयक अधिकारी एवं अन्य कमेटी सदस्य मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन: जिला युवा महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेते जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गुलजार मलिक।

