“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय कैथल में बाल दिवस समारोह आयोजित, छात्राओं ने चाचा नेहरू के जीवन और विचारों पर डाला प्रकाश

कैथल, 14 नवंबर 2026। इंदिरा गांधी पीजी महिला महाविद्यालय, कैथल में बाल दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के इतिहास विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान छात्राओं को पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, व्यक्तित्व और विचारों से परिचित करवाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय प्रबंधक समिति के प्रधान रामबहादुर खुरानिया, महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग तथा सायंकालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी डॉ. श्वेता तंवर ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने और दीप प्रज्वलित करके किया।

इस अवसर पर प्रबंधक समिति के प्रधान रामबहादुर खुरानिया ने छात्राओं को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य होते हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए अच्छी शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक वातावरण बेहद जरूरी हैं।

प्रबंधक समिति के कोषाध्यक्ष पुनीत गुप्ता ने छात्राओं को पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन में अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास को अपनाते हुए लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए, ताकि वे समाज और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दे सकें।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने भाषणों के माध्यम से पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, व्यक्तित्व और विचारों पर प्रकाश डाला। छात्राओं ने बच्चों के प्रति नेहरू जी के विशेष प्रेम और स्नेह को भी अपने विचारों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग एवं सायंकालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी डॉ. श्वेता तंवर ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से बेहद प्रेम करते थे। इसी कारण बच्चे उन्हें प्यार से ‘चाचा नेहरू’ कहकर पुकारते थे। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य से ही राष्ट्र की प्रगति संभव है।

इस अवसर पर नॉन टीचिंग स्टाफ से अमरनाथ गोयल तथा प्राध्यापक वर्ग से इतिहास विभाग की प्रोफेसर रेनू शर्मा, प्रोफेसर ममता, प्रोफेसर सुरेश और एनएसएस इकाई की प्रभारी प्रोफेसर दीपा उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन एवं आदर्शों से परिचित करवाना तथा बाल दिवस के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।