
आदित्य सुरजेवाला की मेडिकल वैन में मरीजों को मिली मुफ्त जांच और दवाइयों की सुविधा, ग्रामीणों ने जताया आभार
कैथल, 14 नवंबर 2026। कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला द्वारा संचालित ‘आदित्य सुरजेवाला चलता-फिरता अस्पताल’ शनिवार को कैथल हलके के गांव सिरटा पहुंचा। गांव के मुख्य द्वार के पास आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में कुल 285 ओपीडी दर्ज की गई। इस दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं की स्वास्थ्य जांच की गई तथा जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं।
गांव सिरटा में 285 मरीजों की हुई निःशुल्क जांच
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. नीरज, स्टाफ नर्स सोनिया और कविता सहित चिकित्सकीय टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया। जांच के बाद मरीजों को जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं। दवा वितरण में श्याम सैनी, रजत और डॉ. पवन थरेजा ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
ग्रामीणों ने विधायक आदित्य सुरजेवाला का जताया आभार
गांव सिरटा के ग्रामीणों ने निःशुल्क मेडिकल वैन की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए विधायक आदित्य सुरजेवाला का धन्यवाद किया। ग्रामीणों ने कहा कि इस पहल से गांव के लोगों, स्कूल स्टाफ, अभिभावकों और आसपास के वार्डवासियों को काफी राहत मिल रही है।
शिविर में स्वास्थ्य जांच करवाने पहुंचे राजकुमार, दर्शन, बलवान, सतपाल, किरन, अमनदीप, नरेंद्र, मोनिका, रेखा, सुनीता, सुशीला, पूनम, साहिल, जय कृष्ण, महक, नीरू, संदीप, रीना, मनजीत और परवीन सहित अन्य ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की।
ग्रामीणों ने बताया कि निजी क्लीनिकों और अस्पतालों में स्वास्थ्य जांच तथा दवाइयों पर काफी खर्च करना पड़ता है, जबकि चलता-फिरता अस्पताल में जांच, पर्ची और दवाइयां पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और अस्पताल तक पहुंचने में असमर्थ लोगों को विशेष लाभ मिल रहा है।
कैथल के कई गांवों और वार्डों में पहुंच चुका है चलता-फिरता अस्पताल
‘आदित्य सुरजेवाला चलता-फिरता अस्पताल’ इससे पहले भी कैथल शहर के विभिन्न वार्डों और विधानसभा क्षेत्र के अनेक गांवों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर चुका है। इनमें शक्ति नगर, महादेव कॉलोनी, अर्जुन नगर, सुभाष नगर, हरसौला बस्ती, रामनगर, बलराज नगर, शिव कॉलोनी, छज्जू कुंड सहित वार्ड 1 से लेकर वार्ड 31 तक के कई क्षेत्रों में शिविर लगाए जा चुके हैं।
इसके अलावा गांव उझाना, पाड़ला, बाबा लदाना, सजूमा, गुहणा, क्योड़क, सांगन, नौच और खनौदा सहित अन्य गांवों में भी मेडिकल वैन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई गई हैं। दशहरा पर्व पर गांव बाबा लदाना मेले में दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया था। इन शिविरों के माध्यम से अब तक कैथल हलके के हजारों लोग निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं।
हर गांव और वार्ड तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना लक्ष्य: आदित्य सुरजेवाला
विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि कैथल के लोगों की सेवा करना ही उनका परम धर्म है। उनका उद्देश्य है कि कैथल विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और शहर के हर वार्ड तक स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से पहुंचें, ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को इलाज के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि निःशुल्क चलता-फिरता अस्पताल के माध्यम से लोगों को नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

