कलायत, 13 नवंबर। आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं और अभियानों का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। यह निर्देश एसडीएम अजय हुड्डा ने शुक्रवार को उपमंडल कार्यालय कलायत में आयोजित अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।
बैठक में एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान, जलजनित बीमारियों की रोकथाम और एनीमिया मुक्त अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
बालिकाओं को HPV टीकाकरण के प्रति करें जागरूक
एसडीएम अजय हुड्डा ने एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र बालिकाएं इसका लाभ उठा सकें।
दूषित पेयजल से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के निर्देश
एसडीएम ने कहा कि आमजन को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है। इसके लिए पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए और समय-समय पर पानी के सैंपल लेकर उनकी जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही जल स्रोतों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को दूषित पानी से होने वाली बीमारियों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए आवश्यक गतिविधियां चलाई जाएं।
बच्चों और महिलाओं को एनीमिया से बचाने पर जोर
एसडीएम अजय हुड्डा ने कहा कि बच्चों, किशोरियों और महिलाओं में खून की कमी (एनीमिया) की समस्या को दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए जाने चाहिए। इसके लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों का वितरण और पौष्टिक आहार के प्रति जागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से चलाए जाएं।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना और स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।
