कैथल: विकसित भारत युवा संसद के तहत 13 नवंबर को कैथल में जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में युवा प्रतिभागी नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
मेरा युवा भारत कैथल के अधिकारी मोहित नेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, जगदीशपुरा, कैथल में किया जाएगा। प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘नशा मुक्त भारत के लिए युवा – विकसित भारत की ओर’ रखा गया है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागी नशे की बढ़ती समस्या, युवाओं पर इसके दुष्प्रभाव, नशे की रोकथाम, जनजागरूकता अभियान और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखेंगे।
18 से 25 वर्ष तक के युवा ले सकेंगे भाग
मोहित नेहरा ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए युवाओं की आयु 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना के लिए 17 अगस्त 2026 को कट-ऑफ तिथि माना जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी को भाषण प्रस्तुत करने के लिए अधिकतम तीन मिनट का समय दिया जाएगा।
जिला स्तर के तीन विजेता जाएंगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में
यह प्रतियोगिता जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाएगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कैथल जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं, राज्य स्तरीय विजेताओं को 9 और 10 जनवरी 2027 को नई दिल्ली स्थित संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
MY Bharat पोर्टल पर कर सकते हैं पंजीकरण
अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक सभी पात्र युवा MY Bharat के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लें और नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
