कैथल, 19 सितंबर। वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले 6 जाट रेजीमेंट के वीर योद्धा अमर शहीद सिपाही हरि चन्द का 61वां बलिदान दिवस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नैना धौस में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर गांव में स्थित शहीद हरि चन्द के स्मारक पर भी पुष्पमाला एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के प्रधान जगजीत फौजी ने बताया कि शहीद हरि चन्द ने 19 सितंबर 1965 को भारत-पाक युद्ध के दौरान अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी वीरता और देशभक्ति आज भी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
शहीद के परिवार की कई पीढ़ियां सेना में दे रही हैं सेवाएं
शहीद हरि चन्द का परिवार आज भी उनके दिखाए देशसेवा के मार्ग पर चल रहा है। उनके परिवार के कई सदस्य भारतीय सेना में सेवा देकर मातृभूमि के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।
शहीद की पोती मेजर तमन्ना, पोते मेजर कमल सिंह एवं मेजर युद्धवीर सिंह, पोत दामाद मेजर सुखजीत सिंह तथा पोत वधू मेजर प्रियंका भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं। ड्यूटी पर रहते हुए इन सभी ने अपने बलिदानी दादाजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। परिवार की यह परंपरा शहीद हरि चन्द के त्याग और देशभक्ति की विरासत को आगे बढ़ा रही है।
शहीद के पुत्र ने दी सबसे पहले श्रद्धांजलि
जगजीत फौजी ने बताया कि श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सबसे पहले शहीद हरि चन्द के पुत्र बदन सिंह ने अपने पिता को श्रद्धांजलि दी। जब हरि चन्द ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था, उस समय उनके पुत्र बदन सिंह की आयु महज साढ़े तीन वर्ष थी। कम उम्र में पिता का साया उठ जाने के बावजूद परिवार ने उनकी देशसेवा और बलिदान की भावना को आगे बढ़ाया।
विद्यालय की प्राचार्या इंद्रावती सहित गांव के समाजसेवी गुरदयाल नैन ने भी शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पूर्व सैनिकों और ग्रामीणों ने किया नमन
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रवक्ता एवं लोक गायक कलाकार फौजी कर्मबीर, एयरफोर्स प्रधान एचएफओ भीम सिंह गिल, एचएफओ महेंद्र सिंह राणा, सूबेदार बदन सिंह, सूबेदार बलबीर माजरा, रिसालदार कर्मवीर भाल, एलडी बलदेव सिंह, बलकार सिंह सहित अनेक पूर्व सैनिक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विद्यालय की ओर से प्रवक्ता वीरेंद्र, रोहित शर्मा राज्य अवार्डी, मुकेश, मीनाक्षी, मास्टर योगेश, उर्मिला, मुख्य शिक्षक धर्मपाल, शिक्षक पंकज कुमार, हरदीप वीटीआईटी, सत्यनारायण, सतीश, कमलदीप सहित अन्य शिक्षकों ने भी शहीद हरि चन्द को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी शहीद को नमन करते हुए उनके बलिदान से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।

Leave a Reply