कैथल, 4 अक्टूबर। पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल की अक्टूबर माह की मासिक बैठक एसोसिएशन के प्रधान जगजीत फौजी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पूर्व सैनिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के साथ कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

बैठक की शुरुआत इस माह दिवंगत हुए पूर्व सैनिकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद एशियन गेम्स में सेना के जवानों और देश की युवा पीढ़ी द्वारा शानदार प्रदर्शन करने पर सभी खिलाड़ियों और जवानों को एसोसिएशन की ओर से बधाई दी गई।
8 अक्टूबर को वायु सेना दिवस मनाने की जानकारी
बैठक में एसोसिएशन का मासिक लेखा-जोखा और पिछले महीने की गतिविधियों की जानकारी सदस्यों के समक्ष रखी गई। साथ ही बताया गया कि 8 अक्टूबर को वायु सेना दिवस हरियाणा शहीद स्मारक पार्क रोड, कैथल में मनाया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सैनिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई।
9 अक्टूबर को स्पर्श पेंशन शिविर
पूर्व सैनिकों को जानकारी दी गई कि 9 अक्टूबर को सब एरिया हेडक्वार्टर की ओर से ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक कैथल में स्पर्श पेंशन शिविर लगाया जाएगा। बैठक में पूर्व सैनिकों से शिविर का लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
इसी दौरान जयपुर हॉस्पिटल कैथल की ओर से निःशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप का भी आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व सैनिकों ने स्वास्थ्य जांच करवाई।
1962 युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि देने की रूपरेखा तैयार
बैठक में 1962 के युद्ध तथा आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ों में शहीद हुए बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
यूपी के प्रीमेच्योर पेंशन पूर्व सैनिकों के मुद्दे पर जताया रोष
बैठक में उत्तर प्रदेश के प्रीमेच्योर पेंशन प्राप्त पूर्व सैनिकों को एक्स-सर्विसमैन मानने से इनकार किए जाने के मुद्दे पर पूर्व सैनिकों ने रोष जताया। एसोसिएशन सदस्यों ने कहा कि उनके अनुसार इस मामले में पूर्व सैनिकों के साथ अन्याय हुआ है और वन रैंक वन पेंशन (OROP) के मामले में भी उन्हें उचित लाभ नहीं मिला।
पूर्व सैनिकों ने केंद्र सरकार से इस मामले में गंभीरता से संज्ञान लेने और उत्तर प्रदेश सरकार की संबंधित नीति को वापस करवाने की मांग की।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि इस नीति को वापस नहीं लिया गया तो देशभर के पूर्व सैनिक आंदोलन के लिए एकजुट हो सकते हैं। जरूरत पड़ने पर हरियाणा के पूर्व सैनिक भी बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के पूर्व सैनिकों के समर्थन में पहुंचेंगे।
बैठक में केंद्र सरकार से मांग की गई कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए पूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा करे और समस्या का समाधान करवाए।
ये पूर्व सैनिक रहे मौजूद
इस अवसर पर संयोजक कैप्टन नर सिंह ढूल, महासचिव जेडब्ल्यूओ दलबीर सिंह, कैप्टन बलजीत मोर, कैप्टन नरेंद्र सिंह, प्रवक्ता सवर फौजी कर्मवीर, हवलदार मदन लाल, इंस्पेक्टर सोमनाथ शर्मा, सीपीओ राजवीर भाना, हवलदार मांगेराम शर्मा, हवलदार तान सिंह, हवलदार रामपाल कुंडू, सूबेदार सरदार सिंह, हवलदार महेंद्र सिंह, हवलदार अभे सिंह, सूबेदार रणधीर सिंह, सूबेदार कृष्ण लाल, सूबेदार धर्मचंद महला, सूबेदार मेजर रामफल चहल, कैप्टन अभे सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

Leave a Reply