कैथल। मां भारती के अमर सपूत एवं 314 फील्ड आरटी रेजीमेंट के शहीद गनर सुरेश कुमार शर्मा की स्मृति में 30 सितंबर 2026, बुधवार को उनके पैतृक गांव फ्रांस वाला में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। श्रद्धांजलि कार्यक्रम सुबह 9 बजे शहीद गनर सुरेश कुमार राजकीय मिडिल स्कूल, फ्रांस वाला के प्रांगण स्थित शहीद स्मारक पर होगा।
पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के प्रधान जगजीत फौजी ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धांजलि सभा में शहीद के परिवार के सदस्य, पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के पदाधिकारी एवं सदस्य, गांव के सरपंच, पंचायत सदस्य, गणमान्य लोग, स्कूल स्टाफ तथा विद्यार्थी शामिल होंगे। सभी लोग शहीद गनर सुरेश कुमार शर्मा के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
पूर्व सैनिक संगठन ने साझा किया आगामी कार्यक्रमों का कार्यक्रम
जगजीत फौजी ने बताया कि पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आगामी दिनों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर को हनुमान वाटिका में एसोसिएशन की मासिक बैठक आयोजित होगी।
इसके अलावा 8 अक्टूबर को वायु सेना दिवस के अवसर पर हरियाणा शहीद स्मारक, कैथल के प्रांगण में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान देश की रक्षा में योगदान देने वाले वीर सैनिकों और शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 9 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को SPARSH पेंशन शिविर का आयोजन ECHS पॉलीक्लिनिक कैथल में किया जाएगा। शिविर के माध्यम से पूर्व सैनिकों और पेंशनधारकों को पेंशन संबंधी सेवाओं एवं समस्याओं के समाधान में सहायता प्रदान की जाएगी।
पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन ने सभी संबंधित लोगों से निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होकर शहीदों और पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने की अपील की है।


Leave a Reply